वासेपुर के कलाली बगान में बमबाजी:दो आरोपी गिरफ्तार, जिंदा बम बरामद; आपसी रंजिश और दहशत फैलाने का मामला

धनबाद के वासेपुर स्थित कलाली बगान इलाके में मंगलवार की देर रात बमबाजी की घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बैंकमोड़ और भूली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना आपसी रंजिश और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई थी। अफजल अंसारी के घर के बाहर बमबाजी की थी आरोपियों ने कलाली बगान निवासी अफजल अंसारी के घर के बाहर बमबाजी की। बैंकमोड़ पुलिस ने देर रात छापेमारी कर वासेपुर के कुरैशी मुहल्ला निवासी नाटू कुरैशी और आरा मोड़ निवासी राजू झाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पास से दो जिंदा बम भी बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना में और कौन-कौन शामिल हैं। सिटी एसपी ने गुरुवार को इस मामले की जानकारी दी। नाटू कुरैशी कई बार जेल जा चुका है राजू झाड़ी नन्हें हत्याकांड का आरोपी है और इस मामले में जेल भी जा चुका है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। नाटू कुरैशी भी चोरी, छिनतई, लूट समेत अन्य मामलों में कई बार जेल जा चुका है। घटना के बाद अफजल अंसारी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मई 2024 में उन्होंने रेयाज उर्फ राजू कलाल, राजू झाड़ी, नाटू कुरैशी समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध बैंकमोड़ थाने में केस दर्ज कराया था। इस मामले में रेयाज उर्फ कलाल जेल में बंद है। इसके बाद आरोपियों द्वारा उन्हें बार-बार केस उठाने की धमकी दी जा रही थी। 21 जुलाई 2025 को न्यायालय के समक्ष उन्होंने आरोपियों के साथ समझौता कर लिया था। इसके बाद से ही आरोपियों का रवैया बदल गया और वे उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *