वीरवार सुबह बाइक पर ड्यूटी जा रहे बिजली कर्मचारी को रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने सामने से टक्कर मार दी। इससे बिजली कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी मोटरसाइकिल चालक को करीब 35 मीटर दूर तक घसीटती ले गई। उक्त गाड़ी में कार चालक की पत्नी व उसकी मां सवार थे, जो लुधियाना से गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब माथा टेकने आए थे और माथा टेककर वापस जा रहे थे। मौके पर पहुंच पुलिस ने गाड़ी चालक खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक कुलजीत सिंह के चाचा कुलवंत सिंह ने बताया कि उसका भतीजा वीरवार सुबह 9 बजे गांव मलिया तरनतारन से झब्बाल बिजली घर ड्यूटी पर जा रहा था। अमावस्या के चलते वह भी गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब माथा टेकने के लिए मोटरसाइकिल पर उसके पीछे पीछे जा रहा था। जब कुलजीत सिंह झब्बाल स्थित गुरुद्वारा सिधाना साहिब के पास पहुंचा तो झब्बाल की ओर से रांग साइड आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उसके मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। गाड़ी की स्पीड इतनी तेज थी कि वह मोटरसाइकिल समेत उसके भतीजे को करीब 35 मीटर दूर तक घसीटती ले गई।


