गोड्डा के हनवारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले तकिया से मुंह दबाकर महिला की हत्या की और फिर पंखे से फंदा लगाकर लटका दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान रूप देवी (30) के रूप में की गई। थाना प्रभारी राजन राम के अनुसार, आरोपी बीरबल भगत ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी रूप देवी का किसी लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह फोन पर भी बात करती थी। इस बात का पता चलने पर पति-पत्नी के बीच कई महीनों से विवाद चल रहा था। इसी वजह से आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी राजन राम ने बताया कि मृतका बांका जिले के पंजवारा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब 13 साल पहले बीरबल भगत से हुई थी। मृतका के पिता विनोद भगत ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया था। मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


