छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में पीडीएस सिस्टम और उसकी विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो गई थी। अब राज्य खाद्य आयोग के नए अध्यक्ष संदीप शर्मा की अगुवाई में इस व्यवस्था को दोबारा भरोसेमंद बनाया जाएगा। डॉ. सिंह शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। यह कार्यक्रम संदीप शर्मा के छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने के अवसर पर आयोजित किया गया था। डॉ. रमन सिंह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। खाद्य आयोग की जिम्मेदारी से किसानों की जिंदगी में आएगी खुशहाली रमन सिंह ने संदीप शर्मा को खाद्य आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा कि यह नियुक्ति किसानों के जीवन में खुशहाली लाने की दिशा में एक अहम कदम है। संदीप शर्मा इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। डॉ. सिंह ने कहा कि संदीप शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के 35 साल की यात्रा में एक समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाई है। पिछले 5 वर्षों में उन्होंने भूपेश सरकार की गलत और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खुलकर आवाज़ उठाई है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को मजबूत करने, उसमें पारदर्शिता लाने और जनता का भरोसा फिर से कायम करने में खाद्य आयोग की अहम भूमिका होगी। आयोग को राज्य की सभी राशन दुकानों की नियमित जांच और निगरानी की जिम्मेदारी दी जाएगी। खाद्य मंत्री बोले – आदिवासी क्षेत्रों में सुचारू वितरण हमारी प्राथमिकता राज्य के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा है कि सरकार की प्राथमिकता है कि आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में चावल, नमक और चना जैसी जरूरी चीज़ों का वितरण समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो। उन्होंने कहा कि पूरे खाद्य विभाग की जिम्मेदारी है कि वह इस वितरण व्यवस्था की सख्ती से निगरानी करे ताकि हर जरूरतमंद को सही और स्वच्छ अनाज मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में खाद्य आयोग अहम भूमिका निभाएगा। कोई भी शिकायत मिलने पर आयोग तुरंत जांच करेगा और रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। मंत्री बघेल ने यह भी बताया कि खाद्य आयोग की जिम्मेदारी सिर्फ राशन दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों में चलने वाले मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसे पोषण कार्यक्रमों की निगरानी भी उसी के दायरे में आती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा के अनुभव और कार्यशैली से विभाग को नई ऊर्जा मिलेगी और योजनाओं का क्रियान्वयन और भी बेहतर होगा। खाद्य आयोग अध्यक्ष बोले- हर भूखे तक भोजन पहुंचना हमारी सरकार की प्राथमिकता छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्य आयोग का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में लोगों को संवैधानिक अधिकार दिए हैं। उन्होंने कहा, हमारे अनेक मूलभूत अधिकारों में भोजन का अधिकार भी एक अधिकार है। देश में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे, कोई भी व्यक्ति रात में बिना भोजन के न सोए, इसकी चिंता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने की है। कोरोना काल में लोगों के भोजन के लिए अनाज की व्यवस्था की गई। कोरोना कल समाप्त होने के बाद भी केंद्र सरकार की यह योजना निरंतर चल रही है। शर्मा ने कहा, हमारी सरकार गरीबों की चिंता करने वाली सरकार है। प्रदेश में निरंतर अनाज उत्पादन बढ़े, इसके लिए लगातार सरकार ने किसानों के लिए काम किया। जिस समय हमारे प्रदेश में अनाज का उत्पादन निरंतर बढ़ा, उसके पीछे रमन सिंह की सरकार ने बहुत काम किया। उन्होंने कहा, आज किसानों को उनके अनाज का उचित मूल्य मिल रहा है। धान का पैसा एकमुश्त मिल रहा है। 13 हजार करोड़ रुपए प्रतिवर्ष प्रदेश सरकार किसानों को दे रही है, जिसकी वजह से खाद्यान्न उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है। शर्मा ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं की वजह से किसानों को धान बेचने में अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ता, जिससे उन्हें करीब 1500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त लाभ मिल रहा है। ये रहे मौजूद इस अवसर पर मंत्री दयाल दास बघेल, रामविचार नेताम, टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री एवं विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक राजेश मूणत, रिकेश सेन, रोहित साहू, संपत अग्रवाल, मोतीलाल साहू, डोमन लाल कोर्सेवाडा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महापौर मीनल चौबे, निगम मंडल आयोग के अध्यक्ष गण रामप्रताप सिंह, अमरजीत छाबड़ा, चंदूलाल साहू, राजीव अग्रवाल, , अनिल चंद्राकर, प्रहलाद रजक, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, शशांक शर्मा, राकेश पांडे,अशोक बजाज जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, अशोक बजाज, श्याम नारंग, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिननानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, सोमेश पांडेय,छगन मूंदड़ा, गौरीशंकर श्रीवास, सत्यम दुवा, मुकेश शर्मा, बृजेश पांडे, राजीव चक्रवर्ती, सुनील चौधरी, अशोक पांडेय, चंद्रशेखर साहू, अकबर अली, सुभाष तिवारी सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


