डीएसपी की पाठशाला : मुफ्त में पढ़ाया, जेपीएससी में 140 को मिली सफलता

19 बने डीएसपी, 70 डिप्टी कलेक्टर बने, इनके पढ़ाए 4 स्टूडेंट्स टॉप टेन में हैं शामिल डीएसपी की पाठशाला। कोई भी सुनने वाला यह सोचता है कि यह क्या है। यह वह पाठशाला है, जहां से नि:शुल्क पढ़ कर स्टूडेंट्स डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर बनते हैं। इस बार भी डीएसपी की पाठशाला से 140 स्टूडेंट्स ने जेपीएससी की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें से 19 स्टूडेंट्स को झारखंड पुलिस सेवा में और 70 स्टूडेंट्स को झारखंड एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस में सफलता मिली है। डीएसपी की पाठशाला सीनियर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव चलाते हैं। इसमें भी खास बात यह है कि टॉप टेन में चार छात्रों आशीष अक्षत (टॉपर), अभय कुजूर (दूसरा रैंक), श्वेता (पांचवां रैंक) और संदीप प्रकाश (आठवां रैंक) ने सफलता हासिल की है। विकास चंद्र श्रीवास्तव वर्ष 2012 से ऐसे अभ्यर्थियों को पढ़ा रहे हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। डीएसपी की पाठशाला वे अॉनलाइन चलाते हैं। जिसमें काफी संख्या में स्टूडेंट्स इनरोल हैं। जेपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम 25 जुलाई 2025 को जारी किया। इसमें 342 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। 20 हजार सब्सक्राइबर, ग्रामीण क्षेत्र के छात्र ज्यादा डीएसपी की पाठशाला का यूट्यूब चैनल भी है। जिसमें 20,000 से अधिक सब्स्क्राइबर उनके यू ट्यूब वीडियोज को देखकर पढ़ते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के स्टूडेंट्स को सबसे ज्यादा लाभ मिलता है। वैसे छात्र जो आर्थिक रूप से इतने मजबूत नहीं हैं कि शहरों में रह सकें और कोचिंग की फीस देकर पढ़ सकें, उनको विकास चंद्र की ऑनलाइन क्लास से काफी मदद मिल रही है। खुद चौथी बार में बने डीएसपी डीएसपी विकास चंद्र बताते हैं कि वे खुद जेपीएससी की परीक्षा में तीन बार असफल हुए थे। चौथी बार 2012 में उन्हें सफलता मिली। वे कहते हैं कि स्टूडेंटस लाइफ में पढ़ना जितना मुश्किल लगता था, अब स्टूडेंट्स को पढ़ाना उतना ही आसान लगता है। पढ़ाना उनका पैशन है। रात में छात्रों को कराते हैं पढ़ाई विकास चंद्र अपने घर से रात 8 बजे से ऑनलाइन क्लासेज लेना शुरू करते हैं। क्योंकि दिन भर वे अपनी ड्यूटी भी करते हैं। फिर वापस घर जाने के बाद ये सिलसिला शुरू होता है। हर दिन औसतन प्रत्येक क्लास में करीब 400 से अधिक छात्र लॉगइन कर रात में उनसे पढ़ते हैं। डीएसपी की ऑनलाइन पाठशाला में कई राज्यों के छात्र जुड़े डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव की पाठशाला में न सिर्फ झारखंड के बल्कि बिहार, यूपी, जम्मू कश्मीर, हिमाचल और दिल्ली के भी कई छात्र जुड़े हुए हैं, जो पब्लिक सर्विस कमीशन की तैयारी कर रहे हैं। विकास चंद्र अपनी नौकरी के बाद जो समय मिलता है, स्टूडेंट्स के लिए निकालते हैं। उनके लिए स्पेशल पेपर तैयार करते हैं। अॉनलाइन क्लास के साथ-साथ उसका वीडियो तैयार करते हैं, ताकि जो स्टूडेंट्स उनकी क्लास को मिस कर जाएं, वे सोशल मीडिया पर उनके क्लास की वीडियो देखकर पढ़ाई कर सकें। छुट्टी के दिन उनका ज्यादा समय स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए ही तय रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *