भास्कर न्यूज|लोहरदगा सरकारी प्राथमिक विद्यालय, कुटमू में शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें हिंडाल्को सीएसआर प्रमुख नीरज कुमार, जोरी पंचायत के मुखिया राजू उरांव, वार्ड-4 के पार्षद प्रतीक प्रकाश उर्फ मोनी, एपीओ एमलेन सुरीन, लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की स्टेट मैनेजर पल्लवी शाह, जिला कार्यक्रम समन्वयक निखिल कुमार और शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए। नीरज कुमार ने पलाश बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि एलएलएफ और जिला शिक्षा विभाग की साझेदारी से बच्चों को मातृभाषा में अच्छी शिक्षा मिल रही है। वार्ड पार्षद प्रतीक प्रकाश उर्फ मोनी ने संग्रहालय के लिए दो कक्ष देने की सहमति दी। यह संग्रहालय बच्चों को स्थानीय संस्कृति से जोड़ेगा। साथ ही, यह समुदाय के लिए सीखने का केंद्र बनेगा। सभी सदस्यों ने तय किया कि बहुभाषी शिक्षा के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके लिए रात्रि चौपाल और जतरा मेला जैसे कार्यक्रम प्रखंड और जिला स्तर पर होंगे। इन अभियानों से पलाश कार्यक्रम को हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


