योगदा आश्रम में महावतार बाबाजी का स्मृति दिवस मनाया गया, संकीर्तन में लीन रहे भक्त

सिटी रिपोर्टर | रांची योगदा सत्संग परंपरा के परम गुरुओं में से एक महावतार बाबाजी का स्मृति दिवस शुक्रवार को योगदा आश्रम में मनाया गया। इसी दिन 1920 में महावतार बाबाजी ने श्रीश्री परमहंस योगानंदजी के कोलकाता स्थित पारिवारिक आवास पर उन्हें आशीर्वाद देने के लिए दर्शन दिया था। यह वह वक्त था जब योगानन्दजी क्रियायोग के प्राचीन विज्ञान को दुनिया भर में फैलाने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा पर निकलने वाले थे। इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह स्वामी ललितानन्द गिरि के नेतृत्व में एक विशेष ऑनलाइन सामूहिक ध्यान से हुई, जिसमें उन्होंने विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक ग्रंथ ऑटोबायोग्राफी ऑफ ए योगी (योगी कथमृत) से कुछ अंश भी पढ़े, जिसमें इस बात का वर्णन था कि कैसे महावतार बाबाजी ने योगानन्दजी को पश्चिम में क्रियायोग के प्राचीन विज्ञान के प्रसार के उनके विश्वव्यापी मिशन के लिए आशीर्वाद देने के लिए दर्शन दिया था। भारत के विभिन्न भागों के भक्तों ने इस विशेष ध्यान में भाग लिया। भक्त विदेशों से भी पधारे थे। सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक ब्रह्मचारी कैवल्यानंद और ब्रह्मचारी प्रशान्तानंद ने अन्य संन्यासियों के साथ मिलकर भक्तिपूर्ण संकीर्तन का आयोजन किया। साथ ही गुरु पूजा का आयोजन भी किया। संकीर्तन के बाद भक्तों और संन्यासियों को प्रसाद वितरित किया गया। इस विशेष दिन का उत्सव शाम को स्वामी निर्मलानन्द गिरि के नेतृत्व में दो घंटे के विशेष ध्यान के साथ समाप्त हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *