रांची|झारखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार को रामगढ़ में कोल वाशरी के निर्माण पर रोक लगाने के लिए दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस एसएन प्रसाद की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए झालसा सचिव को कमिश्नर नियुक्त करते हुए निर्माण स्थल का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। सचिव को स्थल की जांच करके पूरी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 28 जुलाई को होगी। मालूम हो कि खुशी लाल महतो ने जनहित याचिका दाखिल की है। प्रार्थी की ओर से अदालत को बताया गया कि पूर्व में चल रहे एक कोल वाशरी तक कोयला लेकर आने जाने वाले वाहनों से कोयला का धूल उड़ता है। इस वजह से आसपास के क्षेत्रों में काफी प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय लोग गंभीर रूप से बीमार हो रहे हैं। भू-गर्भ जल दूषित हो रहा है। अगर दूसरा कोल वाशरी खुलता है तो ग्रामीणों की स्थिति खराब हो जाएगी। वहां रहना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए निर्माण पर रोक लगाई जाए। मामले पर जल्द आगे की सुनवाई होगी।


