शाम को मावठ, फसलों के लिए साबित होगा अमृत:मुख्यालय समेत जिले के कई हिस्सों में हुई बारिश, सबसे ज्यादा चांदसेन में 24 MM

जिला मुख्यालय समेत जिले अधिकांश इलाकों में शुक्रवार को कई जगह गर्जना के साथ मावठ हुई। रुक-रुक कर देर शाम तक बारिश का दौर जारी रहा। शाम तक सबसे ज्यादा बारिश चांदसेन रेन गेज सेंटर पर 24 MM दर्ज की गई है। बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। बारिश से गलन, शीतलहर का असर और बढ़ गया। उधर, इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। किसानों का कहना है कि यह बारिश रबी फसलों के लिए अमृत साबित होगी। एक सिंचाई करने का खर्च बच गया। जल संसाधन विभाग के अनुसार शाम छह बजे तक चांदसेन में 24, टोरडी सागर रेनगेज क्षेत्र में 12 मिमी, मांशी 8, पीपलू 4, लांबा हरिसिंह 2 मिमी बारिश हुई। हालांकि कई अन्य जगह भी बारिश हुई। लेकिन रेनगेज क्षेत्र में बूंदाबादी ही हुई। टोंक, मालपुरा, उनियारा, अलीगढ़, नगरफोर्ट, दूनी, देवली आदि क्षेत्रों में मावठ हुई। मावठ के बाद तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आ गई। दोपहर को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था। ज्ञात रहे कि जिले में मौसम विभाग ने मेघगर्जना के साथ मावठ का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा था। शुक्रवार शाम को जिले के कई क्षेत्रों में तेज एवं मध्यम बारिश हुई। जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 एवं न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। आगामी दिनों में रात के तापमान में तीन-चार डिग्री की गिरावट के आसार है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शीतलहर एवं घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। कृषि अधिकारियों का कहना है कि बारिश फसलों के लिए लाभदायक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *