रीवा के चोरहटा थाना के नौबस्ता चौकी अंतर्गत बैजनाथ गांव में गुरुवार शाम बदमाशों ने तलवार लहराकर दहशत फैला दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें लोग खुलेआम तलवार लहराते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विवाद पुरानी रंजिश को लेकर हुआ। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को तलवार लगने से शरीर पर दो जगह पर चोट आई। पूरी घटना अल्ट्रा टेक सीमेंट खदान के पास वेलकम तिराहे की बताई गई है। आरोप- नाबालिग से छेड़छाड़ की गई
बताया गया कि गांव के ही रहने वाले पुषई सिंह और वनवारी के बीच पुरानी रंजिश में आपसी विवाद हो गया। घटना के बाद एक पक्ष ने शाम के समय एसपी कार्यालय पहुंचकर नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश किए जाने और चौकी पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज ना किए जाने की शिकायत भी की गई। आरोप लगाया कि 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ जबरन छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश की गई। इसके बाद उन्हीं लोगों ने तलवार से हमला किया। हालांकि पुलिस ने इसे दो पक्ष के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद बताया। पुलिस ने दुष्कर्म की कोशिश या छेड़छाड़ की किसी धारा में मामला पंजी बद्ध नहीं किया है।


