मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 28 एवं 29 दिसंबर को रीवा में आयोजित की जा रही है। बैठक में अखिल भारतीय योजना से प्राचार्य संवाद एवं हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ योजना की समीक्षा की जाएगी। तो शिक्षकों को अपने कर्तव्य का बोध कराने के लिए संघ 12 से 30 जनवरी 2025 तक विशेष कार्यक्रम करने की घोषणा करेगा। बैठक में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संगठन मंत्री महेंद्र कपूर नईदिल्ली उपस्थित रहेंगे और प्रदेश कार्यकारिणी के 250 से अधिक सदस्यों से राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा करेंगे। शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री राकेश गुप्ता ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर करेंगेl इस दौरान जुलाई में मंदसौर में हुई कार्यकारिणी की बैठक के पालन प्रतिवेदन का वाचन किया जाएगा और किए गए कार्यों का अनुमोदन भी होगा l वर्ष 2024 की वार्षिक सदस्यता की जिलेवार जानकारी भी प्राप्त की जाएगीl उसी के आधार पर नगर, विकासखंड, तहसील, महानगर एवं जिले के चुनाव कराए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में संगठन विस्तार की दृष्टि से पिछले दिनों किए गए कार्यक्रमों एवं आगामी समय में होने वाले कार्यक्रम पर चर्चा होगी। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन पर बात होगी। ठोस रचना बनाकर प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच इस नीति का प्रभावी परिणाम प्राप्त करने के लिए रणनीति बनाकर नीति लागू कराने में संगठन की भूमिका तय होगी l लोकमाता देवी अहिल्याबाई पर संभागीय एवं जिला मुख्यालयों पर व्याख्यान आयोजित करने पर विचार किया जाएगा l सामाजिक समरसता और नागरिक शिष्टाचार जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगाl बैठक में शिक्षक संवर्ग की समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी। चौथी क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान को लेकर भी विभाग द्वारा निरंतर विलंब करने पर मुख्यमंत्री से मिलकर आदेश जारी कराने पर बात की जाएगी। अखिल भारतीय, प्रबंध कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी 28 दिसंबर से ही चिंतन मंथन करने वाले हैं l 29 दिसंबर को संपूर्ण प्रदेश के जिला एवं संभाग के अध्यक्ष, सचिव, संगठन मंत्री, कोषाध्यक्ष और 25 प्रकोष्ठों एवं आयाम के संयोजक एवं सहसंयोजक भी भाग लेंगे l


