सरायकेला| सरायकेला फायर स्टेशन के अग्निशमन पदाधिकारी ऋषि कुमार तिवारी के नेतृत्व में अग्निशमन दल द्वारा कोलाबीरा व दुगनी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल कर लोगों को आग से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान अग्निशमन दल द्वारा रामकृष्णा फोर्जिंग की प्लांट 5 कंपनी में और कोलाबीरा स्थित सुप्रीमो कंपनी में एवं दुगनी स्थित जिओ पेट्रोल पंप पर मॉक ड्रिल कर लोगों को अग्नि से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर अग्निशमन पदाधिकारी ऋषि कुमार तिवारी ने आग से सुरक्षा के लिए लोगों को विभिन्न टिप्स दिए। साथ ही संभावित आग के खतरे से स्वयं को और अपने घर व कार्य स्थल को सुरक्षित रखने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्र का उपयोग करने के संबंध में उन्होंने लोगों को विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि संयम, सहनशीलता और थोड़ी सी जागरूकता से आग के बड़े खतरे से सुरक्षित बचा जा सकता है।


