समाज का सशक्तीकरण तभी संभव है, जब उस समाज की महिलाएं सशक्त हो : बिरुवा

भास्कर न्यूज| चाईबासा चाईबासा के जेवियर नगर स्थित संयुक्त कृषि भवन में शनिवार को कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग झारखंड भूमि संरक्षण निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित कृषि यांत्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना अंतर्गत ट्रैक्टर एवं अन्य सहायक कृषि यंत्रों का वितरण मुख्य अतिथि दीपक बिरुवा, मंत्री-राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और परिवहन विभाग, झारखंड के नेतृत्व और विशिष्ट अतिथि निरल पूर्ति, विधायक मझगांव विधानसभा, चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला उपायुक्त चंदन कुमार की मौजूदगी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री बिरुवा ने कहा कि किसी भी समाज का सशक्तीकरण तभी संभव है, जब उस समाज की महिलाएं, सशक्त हो। मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में संचालित कृषि यांत्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना अंतर्गत जिले के कृषक, महिला स्वयं सहायता समूह एवं अन्य लाभुकों को अनुदान पर ट्रैक्टर, पावर टिलर, पंप सेट, सोलर पंप सेट एवं अन्य कृषि यंत्र का वितरण महिला सशक्तीकरण हेतु एक समर्पित कदम है। उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि भूमि संरक्षण कार्यालय के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के बीच कृषि यंत्र ट्रैक्टर आदि का वितरण सराहनीय है। मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत 12 लाभुक समूहों को 50% अनुदान पर ट्रैक्टर एवं 80% अनुदान पर अन्य सहायक कृषि यंत्र का वितरण किया गया। इसके अलावा पांच लाभुकों के बीच 90% अनुदान पर पंप सेट का भी वितरण किया गया। उक्त वितरण कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी-चाईबासा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *