भास्कर न्यूज| चाईबासा टोंटो प्रखंड के सेरिंगसिया पंचायत भवन में शनिवार को एक कार्यक्रम आयोजित कर मंत्री दीपक बिरूवा द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्र के लोगों के बीच टॉर्च पटाखे और ड्रम का वितरण किया गया। इस मौके पर हाथी प्रभावित क्षेत्र बाईहातु, रोमारा, कूदाहातु, हेसाबेड़ा, पदमपुर, सिरिंगसिया, सागरकट्टा, तूरीबासा, तालाबुरु, जिकिलता, नूरदा, बड़ा पुंसिया, छोटा पुंसिया, बड़ा झींकपानी, सालीकुटी, केजरा, समेत अन्य गांव के लोग उपस्थित थे। लोगों ने मंत्री के समक्ष हाथियों से परेशान अपनी समस्या सुनाई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक फैला हुआ है। लोगों को काफी नुकसान पहुंचाया जा रहा है और लोग दहशत में है। मंत्री ने मौके पर मौजूद वन विभाग के डीएफओ समेत वन विभाग के कर्मचारियों को यथासंभव उचित लाभ दिलाने की बात कही। वही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह वन विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति में बैठक करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य रूप से जिप सदस्य नारायण तुबिद, टोंटो झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मंगल तुबिद, तुराम बिरुली, संजय दास, किशोर सिंकु, हाटगम्हरिया झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जुडिया सिंकु समेत अन्य उपस्थित थे।


