भास्कर न्यूज | लुधियाना इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) लुधियाना ने ब्रेन और स्पाइन सर्जरी की नई तकनीकों व ऑटोइम्यून डिजीज के रहस्य विषय पर एक दिवसीय कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया। यह न सिर्फ शैक्षणिक रूप से समृद्ध रहा बल्कि इसमें मेडिकल जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की सहभागिता भी रही। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त रूपिंदर सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि डॉ. मनोज सोबती, संरक्षक आईएमए लुधियाना और पंजाब मेडिकल काउंसिल के पर्यवेक्षक ने सीएमई में भाग लिया। डॉ. सोबती ने डॉक्टरों को अपने ज्ञान को अपडेट करने और विकसित देशों के बराबर आने के लिए ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने पर जोर दिया। आईएमए लुधियाना के अध्यक्ष डॉ. धीरज ने बड़ी संख्या में चिकित्सा समुदाय की भागीदारी पर आभार जताया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आज के समय में बेहद जरूरी हो गए हैं। सीनियर ब्रेन और स्पाइन सर्जन डॉ. हरमन सोबती ने न्यूनतम इनवेसिव न्यूरोसर्जरी पर व्याख्यान दिया। उन्होंने रीढ़ की हड्डी की डिस्क सर्जरी के मरीजों के ऑपरेशन के वीडियो दिखाए और बताया कि कैसे छोटे चीरे के जरिए फ्रैक्चर स्पाइन का इलाज कर मरीज को एक ही दिन में छुट्टी दी जा सकती है। साथ ही, उन्होंने हाइड्रोसिफलस (बढ़े हुए सिर) और ब्रेन ट्यूमर के मरीजों पर की गई एंडोस्कोपिक सर्जरी का भी जिक्र किया। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. पीएस जस्सल और डॉ. भूपिंदर सिंह ने की। वहीं, ऑटोइम्यूनिटी के रहस्य विषय पर डॉ. अजय गुप्ता ने प्रस्तुति दी, जिसकी अध्यक्षता डॉ. कविता श्रीवास्तव और डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमए लुधियाना की सचिव डॉ. रुचि मटनेजा द्वारा स्वागत भाषण से हुआ, जबकि डॉ. धीरज अग्रवाल ने अंत में सभी वक्ताओं और उपस्थित डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया। इस शैक्षणिक आयोजन में आईएमए लुधियाना के 150 से अधिक डॉक्टरों ने भाग लिया और आधुनिक चिकित्सकीय जानकारी से स्वयं को अपडेट किया।


