भास्कर न्यूज | लुधियाना इंडस्ट्री मंत्री संजीव अरोड़ा ने सभी इंडस्ट्री के लोगों के साथ मीटिंग की और उनकी समस्या सुनी और भरोसा जताया कि आने वाले समय में पंजाब देश में उद्योग जगत के लिए सबसे अनुकूल और समर्थ राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि अगले साल फरवरी में पंजाब निवेश शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा राज्य भर में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर रोड शो भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक के दौरान जीएसटी, पीएसपीसीएल, माल ढुलाई सब्सिडी, औद्योगिक भूखंड, औद्योगिक गलियारा, ट्रैफिक जाम और नगर निगम से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। उद्योगों की समस्याओं को सुनने के बाद अरोड़ा ने एक-एक करके सभी मुद्दों पर संतोषजनक जवाब दिए। फर्जी जीएसटी बिलिंग के मुद्दे पर अरोड़ा ने उद्योगपतियों से उन्हें समाधान के उपाय सुझाने को कहा ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके। मंत्री को अवगत कराया गया कि फर्जी जीएसटी बिलिंग के कारण वास्तविक व्यवसाय करने वाले उद्योगपतियों को नुकसान हो रहा है। साइकिल पर जीएसटी दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की उद्योगपतियों की मांग कि गई जो काफी सालों से की जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब एक बॉर्डर और लैंड लॉक स्टेट होने के बावजूद, राज्य के बाहर के लोग पंजाब में निवेश करने के लिए बहुत इच्छुक हैं क्योंकि राज्य में बहुत सौहार्दपूर्ण औद्योगिक माहौल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में निवेश को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योग-समर्थक नीतियां और व्यापार सुगमता प्रदान करना भी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई इकाइयों को 45 दिनों के भीतर सभी स्वीकृतियां प्रदान करना सुनिश्चित कर रही है। इसके अलावा, अरोड़ा ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार राज्य में अधिकतम निवेश लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य भर में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर रोड शो भी आयोजित किए जाएंगे। इस बैठक में ओंकार सिंह पाहवा, राहुल आहूजा, एससी रल्हन, जे आर सिंघल, संजीव पाहवा, रजनीश आहूजा, मनदीप पाहवा, अर्शदीप सिंह साहनी, हरसिमरजीत सिंह लकी, एमएस भोगल और गुरमीत सिंह कुलार भी शामिल थे।


