भास्कर न्यूज|लुधियाना इस्लामगंज इलाके में सोमवार शाम प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक व्यापारी ने अपनी दुकान के बाहर लाइसेंसी हथियार से दो राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ। शिकायतकर्ता महिला लकी नारंग ने बताया कि उनका बेटा गली में पड़े पत्थरों को हटवा रहा था। इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी नारायण मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और फायरिंग कर दी। गोली चलते ही लकी और उसका बेटा झुककर किसी तरह जान बचाकर घर के अंदर छिप गए। डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसका हथियार कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी की पहचान लक्ष्मी नारायण शर्मा के रूप में हुई है, जो सिविल अस्पताल के पास शनि मंदिर के नजदीक दुकान चलाता है। लक्ष्मी नारायण का पड़ोसी लकी नारंग के साथ एक प्रॉपर्टी की दीवार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोपी का लाइसेंसी हथियार भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने डराने की नीयत से हवाई फायरिंग की थी। इस दौरान एक गोली पारस नाम के लड़के के पैर को छूते हुए निकल गई। जख्मी को शाम 7.00 बजे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिविल में एक घंटा रखने के बाद जख्मी को सीएमसी अस्पताल रैफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


