7 दिन मुहिम चला श्री दरबार साहिब के रास्ते संवारेगा निगम

भास्कर न्यूज | अमृतसर विधायक डॉ. जीवनतोज कौर, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने डेरा बाबा भूरी वालों के बाबा कश्मीर सिंह के साथ शहर के चहुंमुखी विकास के और सौंदर्यीकरण को लेकर गोल्डन गेट के प्रवेश द्वार से अभियान शुरू किया। कमिश्नर ने बताया कि अभियान अगले 7 दिनों तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया जाएगा। जिसका समापन श्री दरबार साहिब में होगा। पहले जो अभियान नगर निगम द्वारा चलाए गए हैं, वे मुख्य रूप से सफाई, सिविल और ओएंडएम कार्यों पर केंद्रित रहे हैं। लेकिन यह एक व्यापक अभियान है, जिसके तहत सफाई, सिविल कार्य जैसे फुटपाथ, टूटी सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क, सेंट्रल वर्ज सुधार, बागवानी से संबंधित कार्य, मेनहोल कवर की मरम्मत, सीवर की सफाई, स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने जैसे कार्य करवाए जाएंगे। अवैध कब्जे, विज्ञापन बोर्डों को हटाने का कार्य एस्टेट व विज्ञापन विभाग द्वारा किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए जागरूक करना और विभिन्न रिहायशी, सामाजिक व अन्य संस्थाओं को निगम के साथ मिलकर शहर के विकास में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है। निगम के सभी विभागों द्वारा अपने-अपने संबंधित कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन विभिन्न संस्थाओं को साथ लेकर अभियान चलाया जाएगा। सभी सामाजिक, व्यावसायिक, रिहायशी और एनजीओ संस्थाओं से अपील की कि वे नगर निगम संबद्ध मशीनरी के साथ के साथ मिलकर शहर के विकास में सहयोग करें। अगर कोई संस्था इस अभियान में हिस्सा लेना चाहती है, तो नगर निगम कार्यालय में आकर अधिकारियों से मिलकर अपने क्षेत्र के विकास के लिए चर्चा कर सकती है। इस मौके पर एडिश्नल कमिश्नर सुरिंदर सिंह, एसई सिविल संदीप सिंह व अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *