प्रदेश में 441 करोड़ की रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) योजना में गड़बड़ी को लेकर रायपुर संभागायुक्त ने कार्रवाई करते हुए 3 पंचायत सचिवों को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ तत्कालीन 3 जनपद पंचायत सीईओ को नोटिस देकर जवाब मांगा है। जिन पंचायत सचिवों को सस्पेंड किया गया है। उनमें बिरकोनी पंचायत (महासमुंद जिला) के सचिव शंकर साहू, गिर्रा पंचायत (बलौदाबाजार) के सचिव खिलेश्वर ध्रुव और ग्राम पंचायत लटुआ (बलौदाबाजार) के सचिव टीकाराम निराला हैं। इन पर भंडार क्रय नियम पालन नहीं करने, बिना तकनीकी परीक्षण के मशीन खरीदने और देय राशि का टुकड़ों में भुगतान करने का आरोप है। वहीं, रोहित नायक, तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पलारी बलौदाबाजार-भाटापारा, रवि कुमार, तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बलौदाबाजार, लिखत सुल्ताना, तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत महासमुंद से जवाब मांगा गया है। बता दें कि भास्कर ने 28 जुलाई को रीपा में गड़बड़ी को लेकर खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद से ही विभाग एक्शन के मोड पर है। पुष्पा साहू रीपा का काम नहीं कर रही थीं, शहला ने जॉइन नहीं किया था आईएएस पुष्पा साहू ने भास्कर से कहा है कि वो रीपा स्कीम से नहीं जुड़ी थी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जब इस स्कीम को लागू किया था। तब जॉइंट सेक्रेटरी के रूप में स्थापना से जुड़े काम ही देख रही थीं। रीपा स्कीम से जुड़े किसी भी काम में उनकी भूमिका नहीं रही। उधर, आईएएस शहला निगार ने कहा कि जब स्कीम लॉन्च हुई थी। उस वक्त वो छुट्टी थीं। इस कारण जॉइन ही नहीं किया था।


