विधानसभा के सफायर ग्रीन कॉलोनी की सोनिया हंसपाल को 50 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम से चर्चित फ्रॉड करने वाले यूपी के पांच ठगों को पुलिस ने छापा मारकर पकड़ लिया है। क्राइम ब्रांच और साइबर रेंज पुलिस ने ठगों को पकड़ने के लिए ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया। एफआईआर के 14 दिनों के भीतर छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा और सोमवार को रायपुर लेकर आए। आरोपियों से 40 बैंक खाते के दस्तावेज जब्त हुआ है। इसमें 10 करोड़ से ट्रांजेक्शन मिला है। आरोपियों ने सोनिया से मिले पैसे को कंबोडिया में ट्रांसफर कर दिया है। इसलिए पुलिस को पैसा नहीं मिला है। खातों में जमा 43 लाख को ही होल्ड करा पाएं हैं। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पहली बार साइबर फ्रॉड में यूपी का गैंग फूटा है। यह गैंग डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी कर रहा है। मूलत: यूपी देवरिया निवासी आनंद सिंह (35) गिरोह का सरगना है। उसने गैंग तैयार किया है। वह शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू (25), आकाश साहू (24) गोरखपुर, नवीन मिश्रा (48), अनूप मिश्रा (41) लखनऊ के साथ मिलकर गिरोह चला रहा है। आरोपी ठगी के लिए म्यूल अकाउंट का उपयोग करते हैं। कई राज्यों में इनका नेटवर्क फैला हुआ है।


