भास्कर न्यूज | महुआडांड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हादसों ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पहली घटना महुआडांड़ बाजार से मेढ़ारी गांव की ओर जा रहे तीन मोटरसाइकिल सवारों के साथ हुई। मोटरसाइकिल पर सवार संदीप महतो (29), पिता मन्ता महतो, तिलक खेरवार पिता सूरज खेरवार और देवपाल महतो पिता कमल महतो सभी मेढ़ारी गांव के निवासी बिना हेलमेट के ट्रिपल लोड एक साथ सवारी कर रहे थे। रेगाई केनाटोली गांव के समीप उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गुमला रेफर किया गया। गुमला ले जाने के दौरान रास्ते में संदीप महतो की मौत हो गई। तिलक खेरवार और देवपाल महतो का इलाज गुमला में चल रहा है। महुआडांड़ की दूसरी घटना में रेगाई गांव के निवासी विनय भूषण कुजूर (55) पिता स्वर्गीय सुलेमान कुजूर की दर्दनाक मौत हो गई। विनय मंगलवार शाम करीब सात बजे अपने दामाद के घर शिवनगर जा रहे थे। शिवनगर गांव के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि विनय की मौत रास्ते में ही हो चुकी है। बुधवार सुबह उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजा गया। महुआडांड़ थाना पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना में अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच कर रही है। साथ ही, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दो सड़क हादसों ने मेढ़ारी और रेगाई गांवों में मातम का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़कों पर गति नियंत्रण और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।


