भास्कर न्यूज | चिल्फी घाटी रेंगाखार- चिल्फी तिराहे पर चिल्फी पुलिस और साइबर सेल की टीम ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 12 किलो 130 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नरेन्द्र कामड़े (22) निवासी दोशी टोला,जिला बालाघाट (मप्र) और नारायण यादव (28) वार्ड- 8 पोस्ट ऑफिस के पीछे, गंडई, जिला खैरागढ़ का रहने वाला है। साइबर सेल को मुखबिर की सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध लोग रेंगाखार-चिल्फी तिराहे पर गांजा से भरा बैग लेकर खड़े हैं। दोनों ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। इस पर चिल्फी पुलिस व साइबर टीम ने तुरंत घेराबंदी की। आरोपियों को पकड़ कर उनके बैग की तलाशी ली, तो 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत कार्रवाई की गई है।


