रांची| युवती पर पेट्रोल फेंकने के मामले में जेल में बंद भैरव सिंह का नाम सामने आने के बाद गुरुवार को उसकी मां रानी देवी ने रांची पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। रांची प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि रांची एसएसपी एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं। जिस मामले में भैरव सिंह को जेल भेजा गया है, उसी मामले में 30 मई को आईजी के पास आवेदन देकर सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने का मांग की गई थी, ताकि दूसरे गुट के अमन चंद्रा के साथ मारपीट करने वालों की सही जानकारी मिल सके। इसके बावजूद पुलिस ने किसी प्रकार की जांच कराए बगैर 19 जुलाई को भैरव सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भैरव सिंह की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए गुरुवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार हिंदूवादी नेताओं को झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेज रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूर्वाग्रह छोड़कर इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराएं, ताकि उसका भविष्य बर्बाद होने से बच सके। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने विरोधियों, को साजिश के तहत फर्जी मुकदमों में फंसा कर जेल भेजने का प्रयास करती रही है। पिछले साढ़े पांच वर्षों में ऐसे कई उदाहरण सामने आ चुके हैं, जहां निर्दोष लोगों को षड्यंत्र का शिकार बनाया गया है। अब एक बार फिर भैरव सिंह को एक नए फर्जी मुकदमे में फंसाने की तैयारी हो रही है।


