बोकारो| डीपीएस चास में आयोजित सांस्कृतिक उत्सव गुरुवार को असाधारण समन्वय, तालमेल, सद्भाव और लय के साथ संपन्न हुआ। चारों सदनों गंगा, जमुना, चेनाब और सतलज के विद्यार्थियों ने मंच पर सेमी क्लासिकल थीम पर अद्भुत नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि के रूप में रणजीत कुमार उप श्रमायुक्त बोकारो, डीएस मेमोरियल सोसायटी चास के सचिव सुरेश अग्रवाल तथा निदेशिका सह प्राचार्या मनीषा तिवारी उपस्थित रही। रवींद्र संगीत पर आधारित लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। प्रतियोगिता में गंगा सदन ने राधा-कृष्ण पर आधारित नृत्य, यमुना सदन ने बादल और पानी पर आधारित लोकनृत्य, चेनाब सदन ने पगली हवा बादल पानी पर आधारित लोकनृत्य, तथा सतलज सदन ने प्रकृति पर प्रस्तुति दिए। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर यमुना सदन को प्रथम, चेनाब द्वितीय और गंगा व सतलज सदन संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। निर्णायक मंडली में सोनल दत्ता निदेशिका लायंस कला अकादमी बोकारो, प्रियंका शर्मा नृत्य एवं संगीत शिक्षिका डीएवी पब्लिक स्कूल बोकारो, संघमित्रा चक्रवर्ती नृत्य शिक्षिका क्रिसेंट पब्लिक स्कूल तथा संगीत कला अकादमी बोकारो शामिल थीं। मुख्य अतिथि उप श्रम आयुक्त ने कहा कि बच्चे ही तो विद्यालय की पहचान और ताकत होते हैं। सोसायटी सचिव सुरेश अग्रवाल व पुष्प सन साइन की प्राचार्या पुष्पा अग्रवाल व खुशबू कुमारी ने भी सराहना की।


