जालंधर| नगर निगम जालंधर द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में पंजाब कश्मीर फाइनेंस लिमिटेड (पीकेएफ ग्रुप) को नामदेव चौक के उत्कृष्ट रखरखाव के लिए “तीसरा सर्वश्रेष्ठ राउंडअबाउट’ पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान पीकेएफ ग्रुप द्वारा वर्षों से इस चौराहे के नियमित रखरखाव और सौंदर्यीकरण के प्रति किए गए समर्पित प्रयासों का परिणाम है। समारोह में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने पीकेएफ ग्रुप के डायरेक्टर्स विवेक सोंधी और आशिम सोंधी को सम्मान चिन्ह भेंट किया। विवेक सोंधी ने बताया कि पीकेएफ फाइनेंस ग्रुप कई शहरों के ग्रीन-बेल्ट्स, राउंडअबाउट और पार्कों का रखरखाव करता है। इस कार्य के लिए ग्रुप की ओर से एक्सपर्ट टीम के साथ-साथ अनुभवी मालियों व अन्य स्टाफ की भी सेवाएं ली जाती हैं, जो कि बदलते मौसम के साथ-साथ नए व आकर्षक फूलों को लगाने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न सौंदर्यीकरण प्रोजेक्टों का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मेयर विनीत धीर, नगर निगम कमिश्नर गौतम जैन, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की चेयरपर्सन राजविंदर कौर उपस्थित रहे।


