डबरा में हुंडी कारोबारी के साथ हुई साढ़े 14 लाख रुपए की डकैती में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। वहीं अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए करेरा और दतिया क्षेत्र में दबिश जारी है। बता दें कि कमल टॉकीज रोड पर हुंडी व्यापारी महेश हवलानी का ऑफिस है। सोमवार शाम को ऑफिस में उनके छोटे भाई मनोहर हवलानी बैठे हुए थे, तभी दो बाइक से पांच नकाबपोश बदमाश आए, जिसमें से चार बदमाशों ने ऑफिस में जाकर गल्ले में रखे साढ़े 14 लाख रुपए निकाले और बैग में भरकर फरार हो गए। मामले में बड़ी बात यह थी कि व्यापारी की गद्दी पर किसी भी तरह का कैमरा नहीं लगा था, लेकिन सामने के ऑफिस पर लगे कैमरे में वारदात रिकॉर्ड हो गई थी। ऐसे हुई शुरुआत पुलिस को सीसीटीवी से पता चला कि आरोपी ठाकुर बाबा रोड होते हुए दतिया की तरफ भागे हैं, जिसके बाद वापस आकर मंगरौरा रोड पकड़ते हुए भितरवार रोड पर पहुंचे। वहां से पुलिस को इनपुट मिला कि बदमाश दतिया व करेरा क्षेत्र के हैं। वारदात करने के बाद इस क्षेत्र में भागे हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। इनसे वारदात में उपयोग बाइक भी बरामद कर ली है। बाकी आरोपियों के परिजनों को भी पुलिस ने राउंडअप किया है और आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पिछली बार ऑरेंज टोपी तो इस बार हाथ के कड़े को पुलिस ने किया नोटिस पिछली बार डबरा में 35 लाख रुपए की लूट में पुलिस ने एक ऑरेंज टोपी को सीसीटीवी के आधार पर नोटिस किया था और उसी को क्लू मानते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई थी। इस बार हर सीसीटीवी में एक लुटेरे के हाथ में कुछ चमकदार चीज दिखी। पुलिस समझ गई कि यह एक कड़ा है। बस फिर क्या था। पुलिस ने कपड़े और कड़े को आधार बनाया। जगह-जगह सीसीटीवी चेक किए। कड़ी से कड़ी जोड़ी और शिवपुरी जिले के करेरा जा पहुंची। पुलिस ने रिश्तेदारों से भी उसकी पहचान कराई। पहले भी कई मामले दर्ज है लुटेरों पर मामले में पुलिस ने जिन लुटेरों को नोटिस किया है, उन पर कई तरह के अपराध दर्ज हैं। पुलिस टीम उनके पुराने रिकॉर्ड और वारदात करने के तरीके की पड़ताल कर चुकी है। पुलिस को मामले में एक कार द्वारा रेकी किए जाने की जानकारी हाथ लगी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो सीसीटीवी में दिखने वाले पांच बदमाशों का यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।


