26 दिसंबर से शुरू हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का आज से झारखंड में प्रभाव देखने को मिलेगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 28 दिसंबर यानी आज और 29 दिसंबर को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 28 दिसंबर यानी आज राज्य के पश्चिमी हिस्से में सुबह से ही बादल आने की बात कही गई है। दोपहर तक यह बादल गहराने लगेंगे और दोपहर के बाद हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त राज्य के मध्य हिस्से से लेकर उत्तर-पूर्व संथाल के जिलों में रात तक बारिश के पूरे आसार नजर आ रहे हैं। इसी तरह 29 दिसंबर को अहले सुबह से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। बारिश के इस दायरे में राजधानी रांची सहित खूंटी-सिमडेगा के अलावा राज्य के दक्षिणी हिस्से जिसमें कोल्हान के जिले आते हैं, में बारिश हो सकती है। इस दिन भी आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। न्यूनतम तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव आसमान में बादल छाए रहने की वजह से अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। 30 दिसंबर से आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिलेगी। 30 दिसंबर को सुबह के समय घना कोहरा रहेगा। 28 और 29 को होने वाली बारिश की वजह से घना कोहरा नजर आने वाला है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। किसानों के लिए विशेष सलाह जारी किसानों के लिए सलाह दी गई है कि खेतो में जो फसल तैयार हो गए हैं, उन्हें तोड़ लें या फिर सुरक्षित कर लें। वहीं जहां पटवन करना है, उसे अगले दो दिनों के लिए रोक सकते हैं। फसलों में किसी तरह का नया छिड़काव नहीं करें। शुक्रवार को शुष्क रहा मौसम बात पिछले 24 घंटे के मौसम की करें तो झारखंड का मौसम शुष्क रहा है। सबसे अधिक तापमान चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया, जो 29.8 रहा। वहीं सबसे कम तापमान धनबाद का रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


