चुटिया थाना क्षेत्र से 14 साल की एक नाबालिग को भगाने के आरोपी संजीव यादव को पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। वहीं चुटिया से लापता नाबालिग को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी संजीव यादव उत्तरप्रदेश के देवरिया का रहने वाला है। वह पुणे में रहता है और वहीं काम करता है। चुटिया की रहने वाली नाबालिग से उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोस्ती इतनी ज्यादा बढ़ गई कि एक दिन संजीव उससे मिलने के लिए रांची आ गया। फिर उसे लेकर पुणे भाग गया। इस संबंध में नाबालिग के पिता ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल लोकेशन से उसे ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


