लालपुर थाना क्षेत्र में मॉल डेकोर में स्थित बार मून टाउन में दो ग्राहकों के बीच हाथापाई की घटना हुई। इस मामले में एक ग्राहक और बार संचालक द्वारा लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पहली प्राथमिकी नामकुम के रहने वाले विंध्याचल विनय ने सुमित रॉड, ऋतिक और कुणाल के विरुद्ध दर्ज कराई है। जिसके अनुसार, वे अपने सहयोगियों के साथ बार में आए थे। रात 10.30 बजे उन्हें एक ग्राहक ने कुछ अपशब्द कहे। उस व्यक्ति को उनके साथ आए अंकित सुमन ने अपशब्द नहीं बोलने का आग्रह किया, लेकिन वह उलझ गया। उनके साथ आई महिला अंकिता सुमन, पूजा कुमारी के साथ वह हाथापाई करने लगा। जब विंध्याचल विनय बीच-बचाव के लिए गए तो उनके साथ भी उन लोगों ने मारपीट की। इसमें बार के बाउंसर भी शामिल थे। जिनके नाम ऋतिक और कुणाल है। वहीं, दूसरी प्राथमिकी मून टाउन के संचालक राजेश भंडारी ने अंकित सुमन व अन्य पर दर्ज कराई है। आरोप है कि अंकित सुमन व उसके चार साथी स्मोकिंग रूम में एक अन्य कस्टमर के साथ उलझ गए। सुरक्षा कर्मियों न जब उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला तो वे बार काउंटर पर आकर सामान को क्षति पहुंचाने लगे। बार संचालक ने प्राथमिकी में बताया गया है कि ग्राहक द्वारा जो उनके बाउंसरों पर आरोप लगा कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, वह बिल्कुल गलत है। सुरक्षा कर्मियों व स्टाफ द्वारा सिर्फ बीच-बचाव किया गया। यह भी कहा गया है कि पूरे घटना क्रम का वीडियो बार में उपलब्ध है, जिसे पुलिस देख सकती है।


