भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना मेहता की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 1 किलो 650 ग्राम अफीम के साथ कार सवार एक तस्कर को काबू किया है। पुलिस ने पहले कार की तालाशी ली तो कुछ नहीं मिला, फिर पायस ऐप के जरिए युवक की डिटेल निकाली तो उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 केस दर्ज थे। पुलिस ने दोबारा से कार की चैकिंग की, तो डैश बोर्ड में एक गुप्त जगह से अफीम की खेप बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान मीरपुर फतेहगढ़ साहिब निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। एसएसपी देहाती चरणजीत सिंह ने बताया कि वीरवार को मेहता पुलिस मोड़ खबेराजपूतां में नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। जिस दौरान कार चालक युवक को रोककर चेकिंग की। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ थाना कोट धर्मु, थाना लालड़ू जिला एसएएस और जिला बरनाला के थाना महिल कलां में 3 एनडीपीएस के केस पहले से दर्ज हैं। आरोपी 2012 से तस्करी का काम कर रहा है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


