अमृतसर | चीफ खालसा दीवान के अधीन सेंट्रल खालसा अनाथालय के गुरुद्वारा साहिब में शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस को समर्पित धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री सुखमणि साहिब जी के पाठ के बाद, अनाथालय के बच्चों ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। अस मौके पर विद्यार्थियों ने देश के इस महान सपूत के जीवन से जुड़ी प्रेरक भाषण और कविताएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर, सचिव रमणीक सिंह और अतिरिक्त सचिव जसपाल सिंह ढिल्लों सहित अन्य पदाधिकारियों ने विशेष रूप से अनाथालय स्थित शहीद उधम सिंह संग्रहालय का दौरा किया। इस संग्रहालय में शहीद उधम सिंह से संबंधित दुर्लभ तस्वीरें, उपस्थिति रिकॉर्ड और उनके व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुएं जैसे संदूक, बिस्तर, बर्तन और लैंप संरक्षित हैं। इस अवसर पर दीवान प्रशासकों और सदस्यों ने शहीद उधम सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की । कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने शहीद उधम सिंह की शहादत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह ने अपने जीवन के 12 वर्ष इसी अनाथालय में बिताए और अनाथालय ने उनके चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों को देश के महान शहीद उधम सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने को कहा। इस अवसर पर जसपाल सिंह ढिल्लों, डॉ. आत्मजीत सिंह बसरा, मोहनजीत सिंह भल्ला मौजूद थे।


