भास्कर न्यूज | अमृतसर संत बाबा मोहन शाह के आशीर्वाद से आदि फाउंडेशन की ओर से 20वां वार्षिक शिव भंडारा एवं संत सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन होटल रूप महल पुरानी चुंगी जीटी रोड छेहर्टा में संत बाबा विक्रम बच्चन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। संत सम्मेलन में बाबा विक्रम बच्चन ने उपस्थित लोगों को धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया और भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने समाज में फैल रही बुराइयों को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया और धर्म परिवर्तन की बढ़ती जटिल समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संत समाज और सभी संगठनों को एक मंच पर आकर लोगों को जागरूक करना चाहिए तथा धर्म परिवर्तन करवाने वाली शक्तियों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। इस समागम में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी, विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, श्री दुर्ग्याणा कमेटी की प्रधान को प्रो. लक्ष्मीकांता चावला, पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा तथा अन्य कई प्रमुख लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के संयोजक लखविंदर बच्चन ने कहा कि संत महापुरुषों के संदेश से ही हम समाज में फैली हुई बुराइयों को समाप्त कर सकते हैं। संत महापुरुषों में संत मनकामेश्वर गिरी महाराज, संत आरती देवा महाराज, बाबा निर्मल सिंह रंधावा, महंत हैप्पी भील, संत स्वामी सत्यप्रीत, हरि संत स्वामी, आत्म ज्योति गिरी, बाबा हरप्रीत सिंह तथा अन्य संत महापुरुषों ने अपने संदेश में सभी को धर्म परिवर्तन के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर संतोख सिंह गुमटाला, सुरेंद्र भंडारी व भारी संख्या में लोग मौजूद थे।


