पंकज कुमार सिंह | घाटशिला इस वर्ष जुलाई माह में घाटशिला अनुमंडल में 1172.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले पांच वर्षों का सर्वाधिक आंकड़ा है। लगभग पूरे महीने भर लगातार बारिश ने न केवल खेतों, तालाबों और नदियों को लबालब कर दिया, बल्कि बुरूडीह डैम भी इतने पानी से भर गया कि 13 वर्षों बाद पहली बार जुलाई में ही ओवरफ्लो होने लगा। घाटशिला प्रखंड मुख्यालय स्थित वर्षामापक यंत्र का यह आंकड़ा है। इस बार जुलाई माह में बारिश इतनी नियमित रही कि नहरों से सिंचाई की आवश्यकता ही नहीं पड़ी। खेतों में प्राकृतिक रूप से पानी की भरपूर आपूर्ति हुई, जिससे धान की बुवाई और रोपाई सुचारु ढंग से हो पाई है। बारिश से क्षेत्र में हरियाली छा गई है, जिससे किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं। शहरी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति बारिश जितनी वरदान साबित हुई, उतनी ही शहरी क्षेत्रों के लिए परेशानी का कारण भी बनी। घाटशिला शहर के कई मोहल्लों और टोलों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पूर्व में नाली सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी नालियों से बहकर सड़कों पर आ गया, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई। 2012 में दिखा था ऐसा दृश्य इस वर्ष पहली बार जुलाई महीने में ही बुरूडीह डैम पूरी तरह भर गया, जिससे उसका आउटलेट ओवरफ्लो होने लगा। आखिरी बार यह दृश्य वर्ष 2012 में देखा गया था, जब अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में डैम से पानी ओवरफ्लो हुआ था। इस बार रिेकॉर्डतोड़ बारिश ने जुलाई में ही यह स्थिति ला दी, जो अपने आप में 13 वर्षों बाद एक अभूतपूर्व घटना है। लोगों ने बताया कि इस बार की बारिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। 6 वर्षों की बारिश वर्ष वर्षा (मिमी) 2020 187.2 मिमी 2021 300.4 मिमी 2022 183.7 मिमी 2023 218.6 मिमी 2024 300.0 मिमी 2025 1172.6 मिमी


