भास्कर न्यूज|लुधियाना पंजाबी साहित्य अकादमी, लुधियाना के पदाधिकारियों और प्रबंधक बोर्ड ने शराब की बोतल पर बाबा फरीद जी के नाम का इस्तेमाल किए जाने की कड़ी निंदा की है। अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सरबजीत सिंह और महासचिव डॉ. गुलजार सिंह ने कहा कि शराब की बोतल पर बाबा फरीद के दोहे का उल्लेख न केवल गलत है, बल्कि यह धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने बताया कि 100 पाइपर्स डीलक्स ब्लेंडेड स्कॉच विस्की के पैक पर बाबा फरीद के प्रसिद्ध दोहे ना कर बंदिया मेरी मेरी, ना यह तेरी ना यह मेरी को गलत तरीके से लिखा गया है। अकादमी ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा से इसे लेकर कड़ा कदम उठाने की अपील की है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि आबकारी विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अकादमी ने इस तरह के दुर्भाग्यपूर्ण व्यवहार को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि पंजाब की शांति और सद्भावना बनी रहे।


