भास्कर न्यूज | रामानुजगंज जिले में सहकारी समितियों में खाद की कमी और केसीसी ऋण में नकद भुगतान न मिलने को लेकर कांग्रेस ने चांदनी चौक में धरना दिया। प्रदर्शन में प्रदेश की भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताया गया। इसके बाद किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। धरने का नेतृत्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सिंह, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकास दुबे, एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक सिंह और कांग्रेस नेता संतोष यादव ने किया। प्रदर्शन में जिलेभर से कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए। जिला कांग्रेस महामंत्री राजू सिंह ने कहा कि सहकारी समितियों में खाद नहीं है। किसान बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। जिले के 80% किसान केसीसी ऋण पर निर्भर हैं। उन्हें नगद भुगतान नहीं मिल रहा। इससे वे खाद नहीं खरीद पा रहे। खाद के अभाव में फसलें बर्बाद हो रही हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नन्हेंलाल गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याएं दूर करने में विफल रही है। महिला कांग्रेस नेत्री ज्ञानती गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद से किसानों की परेशानियां बढ़ी हैं, यह शर्मनाक है। धरने में संजीव गुप्ता, व्यास मुनि यादव, अरुण तिर्की, समर बहादुर, बुद्ध देव, नरेश रवि, अरुण अग्रवाल, अशोक जायसवाल, अशोक गौड़, सनोज दास, नीरज गुप्ता, इंतखाब अंसारी, सुधा जायसवाल, कृष्णा मंडल, रोहित दास, मजरुल हक अंसारी, प्रेम सागर, सुनील कन्हरे, प्रदीप ठाकुर, जसीम अंसारी, राहुल बर्मन, गौतम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कौशल जैसवाल ने किया। आभार प्रदर्शन प्रतीक सिंह ने किया।


