रक्षाबंधन: देश के सैनिकों के लिए सरगुजा से भेजी गईं 3000 राखियां

सरगुजा जिले के स्काउट्स और गाइड्स ने रक्षाबंधन पर्व पर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिक भाइयों के लिए 3000 राखियां भेजी हैं। यह भावनात्मक अभियान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ सरगुजा के तत्वावधान में संचालित हुआ। राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव के निर्देश और राज्य सचिव कैलाश सोनी के आदेश पर इस मुहिम की शुरुआत की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन कमिश्नर डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन तथा जिला मुख्य आयुक्त तेजेंदर सिंह बग्गा के नेतृत्व में जिले के सभी स्कूलों में स्काउट्स और गाइड्स ने उत्साहपूर्वक रंग-बिरंगी राखियां तैयार कीं। कई ब्लॉकों में इस कार्य को प्रतियोगिता के रूप में भी आयोजित किया गया, जिससे बच्चों में देशभक्ति और रचनात्मकता का संचार हुआ। ब्लॉक सचिवों के माध्यम से 3000 राखियां एकत्र कर जिला मुख्यालय अंबिकापुर लाया गया, जहां इन्हें जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. झा और जिला मुख्य आयुक्त बग्गा को सौंपा गया। इसके बाद इन राखियों को राज्य मुख्यालय भेजा गया। बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ से 40 से 50 हजार राखियां देश के विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सैनिकों तक भेजी जाएंगी। इस अवसर पर सहायक राज्य संगठन आयुक्त त्रिभुवन शर्मा, जिला प्रभारी एस. के. सिसाद्री, सह सचिव रेशमा लकड़ा, बतौली ब्लॉक सचिव मनीषा तिर्की, सीतापुर ब्लॉक सचिव अनुप्रेमा भगत, उदयपुर ब्लॉक सचिव शीतल जायसवाल, गाइडर सुनीता दास और सीनियर रोवर विवेक सोनी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *