श्रद्धा के साथ मंदिरों में लगी भक्तों की कतारें, शिवलिंग पर किया जलाभिषेक

सिटी रिपोर्टर | बोकारो सावन माह के अंतिम सोमवारी पर चास-बोकारो के शिवालयों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालु काफी उत्साहित थे। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाकर शिव का रुद्राभिषेक किया। शहर के राम मंदिर शिवालय, सेक्टर-3 प्राचीन शिव मंदिर, नवनाथ मंदिर सेक्टर-9, सेक्टर-12 शिवालय, सेक्टर-6 निरंजन नाथ मंदिर, सेक्टर-2 नर्मदेश्वर मंदिर, दुंदीबाद शिव मंदिर, रेलवे कॉलोनी, कुर्मीडीह शिव मंदिर, सेक्टर-4 शिव मंदिर, को-ऑपरेटिव कॉलोनी त्रिवेणी धाम और चास के मंदिरों में सबसे अधिक भीड़ उमड़ी । वहीं, मंदिरों के पास पुलिस प्रशासन भी तैनात थे। भक्तों ने बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारा लगाया और शिव भजन गाते हुए मंदिर परिसर पहुंचे। शहर में माहौल पूरी तरह शिवमय रहा। दिन भर मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। राम मंदिर शिवालय में पुजारी द्वारा रुद्राभिषेक और जलाभिषेक किया गया। वहीं शाम को शिवालयों में भजन कीर्तन और आरती होती रही। पंडित अखिलेश ओझा ने कहा कि सावन के सोमवार को शिव की पूजा से विशेष कृपा मिलती है। सावन के सोमवार को भोलेनाथ की पूजा से सभी दुख दूर होते हैं। सावन में व्रत रखकर सोमवार को शिवलिंग पर जल चढ़ाने से मनोकामना पूरी होती है। युवा लायंस फोर्स ने कराया बाबा गौरीनाथ धाम दर्शन युवा लायंस फोर्स की ओर से पिछले 14 सालों से सभी सुविधाओं के साथ दूर-दराज के जरूरतमंद शिवभक्तों को मात्र एक रुपए शुल्क लेकर बाबा गौरीनाथ धाम का दर्शन कराया। कार्यक्रम की शुरुआत फोर्स के केंद्रीय अध्यक्ष सह युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष देव शर्मा के माता-पिता सुखेन्द्र नाथ शर्मा और यमुना देवी ने हरी झंडी दिखाकर की। हजारों शिव भक्तों को चास के बोदरो गांव से दामोदर ब्रिज के लिए रवाना किया गया। इस दौरान युवा लायंस फोर्स के सेवादल द्वारा सभी सुविधाएं युक्त वाहन सेवा शिविर की व्यवस्था की गई थी। इसमें फल, चाय, मिठाई, जूस, पानी दवा आदि जरूरत की सभी चीज उपलब्ध कराई गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *