एक करोड़ रुपए का चेक बाउंस से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी दिव्या राघव की अदालत ने आरोपी बॉलीवुड अभिनेता रांझा विक्रम सिंह को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने अभिनेता को एक साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही अदालत ने उसे चेक बाउंस की राशि एक करोड़ रुपए एवं हर्जाना 20 लाख मिलाकर कुल 1.20 करोड़ रुपया मामले के शिकायतकर्ता निलोय कुमार झा के पक्ष में भुगतान करने का आदेश दिया है। सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी अभिनेता अदालत में व्यक्तिगत रूप से मौजूद थे। शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता राहुल पांडेय ने अदालत में पक्ष रखा। सजायाफ्ता अभिनेता को अदालत ने अपील करने के लिए 30 दिन की औपबंधिक जमानत की सुविधा प्रदान की है। विक्रम सिंह के खिलाफ दुर्गा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक निलोय कुमार झा ने एक करोड़ रुपए के चेक बाउंस को लेकर 7 जून 2021 को मुकदमा किया था। रांझा विक्रम सिंह ने बॉलीवुड फिल्म फौजी कॉलिंग बनाने के नाम पर मोटी रकम ली थी। पैसों का लेन-देन 5 मार्च 2019 में हुआ था। पैसे मांगने पर रांझा विक्रम सिंह ने शिकायतकर्ता को एक करोड़ रुपये का चेक दिया। जो बाउंस हो गया था। मामले को लेकर दोनों के बीच सुलह को लेकर पिछले दिनों मध्यस्थता कराने की कोशिश की गई थी। जो सफल नहीं हो सकी थी।


