बिंदापाथर| बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविन्दपुर-साहेबगंज मुख्य स्टेट हाइवे पर स्थित तांबाजोर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रविवार रात लगभग 11 बजे हुआ, जब तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर ने सामने से आ रही मैजिक वाहन (संख्या: जेएच 10 डीए 9097) को जबरदस्त टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत पितयाजिया गांव निवासी रविन्द्रर रवानी (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेज दिया गया। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों मैजिक और ट्रेलर (संख्या: आरजे 02 जीबी 5084) को जब्त कर लिया है। मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने बिंदापाथर थाना में आवेदन देकर ट्रेलर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने और जानबूझकर तेज गति में टक्कर मारने का आरोप लगाया है। इस समय कांड संख्या 58/2025 दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। भास्कर न्यूज | जामताड़ा गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाइवे पर रविवार की सुबह फिर से रफ्तार का कहर देखने को मिला। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया और कोलहर के बीच स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक नाबालिग की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई । जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 8 बजे की है। अपाचे मोटरसाइकिल संख्या JH 21N 6747 पर सवार दो युवक पबिया की ओर से धर्मपुर की ओर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के निकट 108 एम्बुलेंस वाहन, जो सड़क पर घूमने के लिए मोड़ रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रही बाइक एम्बुलेंस से जा भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में बाइक पर सवार दो युवक अशरफ अंसारी 18 वर्ष और शहाबुद्दीन अंसारी नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। एम्बुलेंस चालक और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल दोनों को उसी एम्बुलेंस से इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शहाबुद्दीन अंसारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अशरफ अंसारी की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे, इस चूक ने ली जान मृतक शहाबुद्दीन अंसारी की उम्र अभी महज 16 वर्ष बताई जा रही है और वह गांडे थाना क्षेत्र के घटकोल गांव का रहने वाला था। अशरफ अंसारी, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल है, उसी गांव का निवासी है। दोनों किसी काम से पबिया आए हुए थे और बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के वक्त दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इस चूक ने नाबालिग की जान ले ली और दूसरे की जिंदगी खतरे में डाल दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, यदि दोनों ने हेलमेट पहना होता, तो शायद जान बचाई जा सकती थी। प्रशासन एवं पुलिस लगातार हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन युवा वर्ग और खासकर नाबालिगों द्वारा इस नियम की अनदेखी की जा रही है। यह कोई पहली घटना नहीं है जब नाबालिग बाइक चलाते पकड़े गए हों या दुर्घटना का शिकार हुए हों। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जहां नाबालिग लड़के दोपहिया वाहन चला रहे होते हैं और नियमों की अनदेखी करते हैं। ट्रैफिक नियमों के अनुसार, 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी व्यक्ति को गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है। बावजूद इसके, परिजन अपने नाबालिग बच्चों को बाइक सौंप देते हैं, जो कभी-कभी जानलेवा साबित होती है।


