सड़कों पर मवेशी नजर आए तो होगी कानूनी कार्रवाई

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले की राष्ट्रीय और राज्य मार्गों समेत मुख्य सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर कड़ा अभियान शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई बिलासपुर उच्च न्यायालय के आदेश और मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद की गई है। कलेक्टर त्रिपाठी ने कहा कि अब तक मवेशियों के नियंत्रण में विभागों द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। नगर पालिका और जनपद पंचायत क्षेत्रों में रोजाना मवेशी हटाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही, माइकिंग कराकर और मुनादी के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है। पशुपालन विभाग एमयूवी वाहन से भी माइकिंग कर रहा है। सड़कों पर मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट लगाए जा रहे हैं ताकि वे रात में दिखाई दें। लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को नियमित पेट्रोलिंग का निर्देश दिया गया है। यदि किसी मवेशी की वजह से दुर्घटना होती है या मवेशी की मृत्यु होती है, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, पशुपालकों को चेतावनी देते हुए कलेक्टर ने कहा कि यदि उनके मवेशी सड़कों पर पाए गए तो पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है ताकि लोग अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें। विशेष रूप से राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर अभियान चलाकर मवेशियों को हटाने और दुर्घटनाओं को रोकने पर फोकस किया जा रहा है। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने मवेशियों को घर या गौठान में सुरक्षित रखें ताकि सड़क दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *