5 मिनट तक आए तूफान ने मचाई भारी तबाही:पेड़ और मकान गिरने से 17 लोग घायल, पोल गिरने से विद्युत सप्लाई बाधित

धौलपुर जिले में शुक्रवार रात को आए तूफान ने भारी तबाही मचाई। कई जगह पेड़ और मकान गिरकर धराशाई हो गए। पेड़ और मकानों के गिरने से 17 लोग घायल हुए हैं। वहीं जगह-जगह बिजली के पोल गिरने से विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। जिले में पिछले कई दिनों से घने बादल छाए हुए थे। देर रात करीब 9 बजे अचानक 5 मिनट के तूफान में आंधी, बारिश और ओले की वजह से कई जगह हादसे सामने आए। तूफान से कोतवाली थाना क्षेत्र के लुहारी गांव में तीन से चार कच्चे और पक्के मकान गिरकर धराशाई हो गए। हादसे में अलग-अलग जगह से सात लोग घायल हुए। जिनमें से एक घायल को परिजन इलाज के लिए रेफर कर ले गए। तूफान में मकान के गिरने की सूचना मिलते ही कलेक्टर, एसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचना शुरू हुआ, लेकिन रास्ते में टूटे हुए पेड़ मिलने की वजह से जेसीबी और हाइड्रा मशीन को बुलाकर रास्ते को साफ कराया गया। इस दौरान घायलों को ग्रामीणों की मदद से पुलिसकर्मियों ने बाइक के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली थाना क्षेत्र के अलावा निहालगंज, सदर, बसई डांग सहित दूसरे थाना क्षेत्र से करीब 10 और लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात को घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद कलेक्टर और एसपी जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों से बात कर उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *