मनाली में लैंडस्लाइड, लाहौल स्पीति में फ्लैश फ्लड:पानी में कार बही; कुल्लू में पुल टूटा, 4 गांवों का संपर्क कटा; कांगड़ा में 2 की मौत

हिमाचल के मनाली में शुक्रवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। लैंडस्लाइड की वजह से मनाली-लेह हाईवे बंद है। सोलांगनाला से अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर धुंधी के पास लैंडस्लाइड होने से सड़क फिर से बाधित हो गई है। रानीनाला में सड़क धंसने की स्थिति को देखते हुए रोहतांग रोड कल सुबह तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसी तरह, कुल्लू की सैंज घाटी की गाड़ा पारली पंचायत में पुल और रास्ते टूट गए। इसकी वजह से 4 गांवों का संपर्क आपस में कट गया है। सुबह पंडोह के पास लैंडस्लाइड से मंडी-मनाली नेशनल हाईवे बंद हो गया था। वहीं, लाहौल स्पीति के जिस्पा में मरशेन नाले में फ्लैश फ्लड आया। यहां खेतों में पानी और मलबा घुस गया और रोड बंद हो गया। पूहरा नाला में भी फ्लैश फ्लड आया, जिससे चंबा के पांगी को जाने वाला उदयपुर-किलाड़ रोड बंद हो गया है। साथ ही एक कार भी बह गई। मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। किन्नौर में रात को हल्की बारिश के बाद पागल नाला व रुनंग नाले में बाढ़ आने से नेशनल हाईवे-5 अवरुद्ध हो गया था। पिछले 3 दिन की भारी बारिश से 289 सड़कें और 346 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद पड़े हैं। मौसम की तस्वीरें… कुल्लू में जलविद्युत परियोजना की मशीनरी बही
कुल्लू के मलाणा नाला में शाम के वक्त तेज बारिश हुई। इससे मलाणा जल विद्युत प्रोजेक्ट के निर्माण में जुटी कुछ मशीनरी बह गई। कुल्लू DC तोरुल एस रवीश ने बताया कि बीते साल की बरसात से मलाणा डैम को नुकसान हुआ था। इसका काम चल रहा था। आज पानी का लेवल बढ़ने से कुछ मशीनरी व गाड़ियां बही हैं। डैम को कोई नुकसान नहीं हुआ। कांगड़ा में 2 लोगों की मौत
कांगड़ा जिले में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। पिछले 24 घंटों में बारिश के कारण दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। गुलेर गांव में कमल किशोर नाम के एक 76 वर्षीय व्यक्ति की फिसलने से गिरने के कारण मौत हो गई। वहीं, शाहपुर के रूलढ़ गांव में संजीव कुमार नाम के 41 वर्षीय व्यक्ति की चट्टान खिसकने से मौत हो गई। वहीं, सराना गांव में ओम प्रकाश का आठ कमरों का पक्का मकान भारी बारिश के कारण गिर गया। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन परिवार अब बेघर हो गया है। इसी तरह, धर्मशाला। के जमली गांव में मूसलाधार बारिश से कई लोग बेघर हो गए। यहां कई पशुओं की मौत हो गई। हालात को देखते हुए प्रशासन ने गांव खाली करवाया। मानसून सीजन में सामान्य से 10% ज्यादा बारिश
मानसून सीजन में अभी तक शिमला में सबसे अधिक 71% बारिश हुई। यहां सामान्य 320.6 मिमी के मुकाबले 546.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंडी जिले में भी 65% अधिक बारिश हुई, जहां सामान्य 558 मिमी के स्थान पर 918.3 मिमी बारिश हुई। हमीरपुर में 33% अधिक बारिश हुई है। यहां सामान्य 442.6 मिमी के मुकाबले 590.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुल्लू में भी 30% अधिक बारिश हुई, जहां 270.9 मिमी के स्थान पर 352.7 मिमी बारिश हुई। सिरमौर और बिलासपुर में 24% अधिक बारिश दर्ज की गई। ऊना में 22% और सोलन में 8% अधिक बारिश हुई। कांगड़ा में 3% अधिक बारिश हुई। हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति में सबसे कम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 70% कम है। यहां 179.3 मिमी के मुकाबले केवल 53 मिमी बारिश हुई। किन्नौर में 18% और चंबा में 11% कम बारिश दर्ज की गई। मानसून में 170 लोगों की मौत, 36 लापता
प्रदेश में अब तक मानसून सीजन में 170 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 30 लोगों की जान बादल फटने, बाढ़ और लैंडस्लाइड से गई है, जबकि 36 लोग लापता हैं। साथ ही 1599 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्ति नष्ट हो चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *