तमता | पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरीपानी के पास मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक तेज रफ्तार मेटाडोर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। घटना मुरबाबारी के पास तमता और पंडरी पानी की सीमा पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वाहन पलटा, स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मेटाडोर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए पत्थलगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेटाडोर में टेंट का सामान लदा हुआ था, जिसे पालीडीह के एक टेंट व्यापारी द्वारा पंडरी पानी के एक घर में आयोजन के लिए भेजा गया था। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें ड्राइवर भी शामिल था।


