भास्कर न्यूज | कवर्धा डिप्टी सीएम विजय शर्मा कबीरधाम जिले के प्रवास पर रहे। वे ग्राम घुघरीकला के मिनी स्टेडियम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और घटते प्राकृतिक संसाधनों की चुनौतियों का सामना हम केवल अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उन्हें संरक्षित कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे आगे आएं और अपने गांव, स्कूल, खेत-खलिहानों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण अभियान को जनआंदोलन बनाएं। मिनी स्टेडियम में आम, नीम और अर्जुन जैसे विविध प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खेल और पर्यावरण, दोनों ही स्वस्थ समाज के दो मजबूत आधार हैं। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल, शिक्षा और पर्यावरण को लेकर गंभीर है।


