भास्कर न्यूज | कवर्धा श्रावण के अंतिम सोमवार को शहर में बाबा महाकाल की पालकी यात्रा निकाली गई। आयोजन में 20 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। बुढ़ा महादेव मंदिर से पूजन-अर्चन के बाद यात्रा की शुरुआत हुई। आयोजन में शहर के सैकड़ों युवक-युवतियां पारंपरिक परिधान में शामिल हुए। युवकों ने धोती व लड़कियों ने साड़ी पहनकर पालकी उठाई। कार्यक्रम में नागपुर से आई मां काली की झांकी ने भगवान शंकर की लीलाओं का प्रभावी प्रदर्शन किया। झांकी ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा का भारत माता चौक, अंबेडकर चौक सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर समाज प्रमुखों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। भारत माता चौक के पास बने मंच में भोलेनाथ की आरती और भस्म शृंगार हुआ। 21 युवाओं ने एक साथ शंखनाद किया। आरती से पहले भक्ति गीतों और मंत्रों पर हजारों श्रद्धालु झूमते नजर आए। गणेश तिवारी, रोशन दुबे, रूपेश जैन सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में ऑडियो कॉल के माध्यम से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आयोजन को ऐतिहासिक बताया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह आयोजन शहर की धार्मिक पहचान के अनुरूप है। ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि आयोजन समिति को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त है। उनके मार्गदर्शन में आयोजन सफल रहा। कार्यक्रम में राजीव लोचन दास महाराज, सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, ईश्वरी साहू, कैलाश चंद्रवंशी, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अतुल देशलहरा, नंदलाल चंद्रकार, सतविंदर पाहुजा आदि मौजूद थे।


