डीएवी कॉलेज हाथी गेट में डीएवी कॉलेजेस कोऑर्डिनेशन कमेटी पंजाब के आह्वान पर अपनी मांगो के समर्थन में रोष धरना व प्रदर्शन किया गया। डीएवी कॉलेज कमेटी के सचिव राजीव शर्मा के नेतृत्व में कमेटी के सदस्यों व कर्मचारियों ने कालेज में हड़ताल करके जोरदार रोष प्रदर्शन किया। सचिव राजीव शर्मा ने कहा कि पंजाब के सरकारी कर्मियों को पे स्केल 2021 से मिल चुका है, परन्तु पंजाब के सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज के कर्मचारियों को 1 जुलाई 2024 से मिला है, अब सवा साल बीत जाने के बावजूद भी डीएवी कॉलेज मैनेजमेंट नई दिल्ली इस तरफ ध्यान नहीं दे रही हैं। डीपीआई चंडीगढ़ में भी केस पेंडिंग पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा इस बात को लेकर डीएवी कोऑर्डिनेशन कमेटी पंजाब के आह्वान पर नॉन टीचिंग कर्मचारियों ने डीएवी कॉलेज में धरना दिया। उन्होंने कहा कर्मचारियों की मुख्य मांगो में छठा पे स्केल लागू करना, रुकी हुई मुलाजिमों की प्रमोशन को जारी करना, 20-25 साल से काम कर रहे कर्मचारियों को जोकि एडहॉक पर काम कर रहे हैं उनको पक्का करना इत्यादि शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है नॉन टीचिंग की इन मांगों को मैनेजमेंट जल्दी ही हल करवा देगी। इस अवसर पर प्रधान सोमनाथ शर्मा, पंजाब के उप प्रधान दीपक शर्मा, सुनील कुमार, सतीश साहनी आदि शामिल थे।


