पोस्ट ऑफिसों में 4 दिन से कामकाज प्रभावित:सर्वर डाउन… 16 हजार लोग डाक से नहीं भेज पाए राखी और पार्सल

केंद्र सरकार के डाक विभाग ने रक्षाबंधन के दिनों में नया आई 2.0 सर्वर लॉन्च किया। इसी कारण पिछले 4 दिन से देश भर के पोस्ट ऑफिसों का सर्वर डाउन चल रहा है। नया आई 2.0 सर्वर ठीक से न चलने के कारण सोमवार और मंगलवार को डाक विभाग का सैप सिस्टम दिनभर खराब रहा, जिसके कारण राखी और पार्सल भेजने वाले लोगों को लंबा इंतजार करने के बाद लौटना पड़ा। जिसका सीधा फायदा प्राइवेट तौर पर पार्सल भेजने वालों को मिला। इससे डाक विभाग को पिछले 4 दिन में करीब 32 लाख रुपए का नुकसान हो गया। भाई को राखी भेजने पोस्ट ऑफिस पहुंची अनीता ने बताया उसने हरियाणा में राखी भेजनी है, परंतु सुबह से बाद दोपहर तक सर्वर डाउन होने से राखी नहीं भेजी जा सकी। सर्वर डाउन होने से अमृतसर और तरनतारन जिले के 471 पोस्ट ऑफिसों में लेन-देन, राखी-पार्सल भेजने का कामकाज प्रभावित रहा। सुबह 9 बजे से सर्वर रुक रुक कर चलता रहा जिसके कारण लोगों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। राखी के त्यौहार के दिनों में बंद सर्वर के कारण 16 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए। पोस्ट ऑफिस में आम दिनों में 400 से 500 लोग जीपीओ समेत अपना लेन-देन करने आते हैं। वहीं अकेले जुलाई महीने में डाक विभाग ने 2.57 करोड़ कमाई की। वहीं डाक विभाग करीब 8 से 10 लाख रुपए रोजाना कमाई करके सरकार को देता है। जिसमें राखी पार्सल समेत लेन-देन का कारोबार भी शामिल है। हालांकि डाक विभाग की ओर से नए सर्वर के शुरू होने के बारे में लोगों को जागरूक किया गया था परंतु सर्वर इस तरह डाउन होगा इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं ​थी। हैड पोस्ट ऑफिस के सीनियर सुपरिंटेंडेंट प्रवीण प्रसून का कहना है कि सर्वर अमृतसर और तरनतारन में ही नहीं बल्कि पूरे देश का डाउन है। सर्वर को ठीक करने के लिए आईटी विभाग के कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। सर्वर ठीक होते ही घंटे का काम सेकंड में हो जाया करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *