निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने भगतांवाला से कूड़े का पहाड़ हटाने को लेकर इको स्टेन इन्फ्रा कंपनी को बायोरेमिडेशन का काम शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। टेंडर की शर्तों के मुताबिक कंपनी को 15 माह में 11 लाख टन कूड़ा हटाना है। यानि कि इस माह काम शुरू होने पर दिसंबर 2026 में भगतांवाला में कूड़े के पहाड़ से निजात मिल जाएगी। डंप में समय-समय पर लगने वाले आग की मुश्किलें भी खत्म हो जाएंगी। गौर हो कि बीते 27 मई को निगम ने बायोरेमिडशेन का टेंडर निकाला था जिसकी मिनिमम प्राइस 46.34 करोड़ रखी गई थी। इको स्टेन इन्फ्रा कंपनी सबसे कम 36,53,83,333 रुपए बोली लगाकर सिंगल बिडर बनी थी। वर्कऑर्डर के बाद डंप में किसी भी तरह के काम के लिए कंपनी जिम्मेदार होगी। हालांकि निगम अफसरों की तरफ से लगातार पूरे काम की मॉनिटरिंग की जाती रहेगी। विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली कि बड़े खुशी की बात है कि, भगतांवाला डंप साइट पर 3 पोकलेन और एक ट्रॉमल मशीन पहुंच चुकी है। यह कचरे के ढेर को समाप्त करने की दिशा में एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की खुद निगरानी कर रहे हैं।


