जांच के लिए खाद्य सामग्रियों के 65 सैंपल लिए, 20 दुकानों पर जुर्माना

दंतेवाड़ा | आगामी रक्षाबंधन त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिले में विशेष जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में दंतेवाड़ा जिले में 04 से 06 अगस्त तक खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के अंतर्गत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से कुल 65 खाद्य नमूनों को जांच के लिए संग्रहित किया गया। जांच के दौरान पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड चौपाटी, अंबेडकर पार्क स्थित चौपाटी सहित फास्ट फूड ठेलों से मोमोज, गुपचुप, आलू मसाला, खट्टा-मीठा पानी, फूड कलर, चाउमीन, चिल्ली सॉस, टोमैटो सॉस और खाद्य तेल के नमूने लिए गए। वहीं, होटल और रेस्टोरेंट से बिरियानी चावल, ग्रेवी, पकी दाल, पनीर सहित अन्य व्यंजनों के साथ मिठाई दुकानों से रसगुल्ला, बर्फी, पेड़ा, खोवा, काजू कतली, मैसूर पाक, बेसन लड्डू, नमकीन मिक्सचर, किराना दुकानों से बेसन, सूजी, आटा, मैदा, नमकीन और शक्कर के नमूने जांच के लिए लिए गए। 20 खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 4100 रुपये का चालान किया गया। इसके अलावा पांच व्यापारियों को नोटिस जारी करते हुए अमानक और दूषित खाद्य सामग्री को तत्काल नष्ट कराया गया। विभाग द्वारा चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *