मालखरौदा | जनपद पंचायत मालखरौदा के सरपंच संघ के अध्यक्ष का चुनाव 5 अगस्त को हुआ। अध्यक्ष कविशरण वर्मा और उपाध्यक्ष रितेश साहू की मौजूदगी में यह चुनाव संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सभी सरपंच और कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। ग्राम पंचायत छपोरा के सरपंच राजू साहू को लाटरी पद्धति से अध्यक्ष चुना गया। चुनाव में कुल 80 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने भाग लिया। जनपद पंचायत मालखरौदा में कुल 81 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से बीरभांठा में सरपंच पद रिक्त है। इस बार 44 ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच निर्वाचित हुई हैं। अध्यक्ष पद के लिए आठ ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने रुचि दिखाई। इनमें बड़ेमुड़पार, आड़ील, बंदोरा, छपोरा, कुधरी, मंद्रागोढ़ी, मुक्ता और बासीन शामिल हैं। बाद में पांच-छह सरपंचों ने मिलकर छपोरा के सरपंच राजू साहू को समर्थन दिया। अन्य उम्मीदवार नहीं माने, इसलिए लाटरी निकाली गई। लाटरी में भी राजू साहू का नाम निकला। इस तरह राजू साहू मालखरौदा सरपंच संघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव के दौरान ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और आम नागरिक मौजूद रहे।


